एलजी मनोज सिन्हा के सलाहकार ने दिया इस्तीफा….

जम्‍मू-कश्‍मीर। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा के सलाहकार फारूक खान ने रविवार की देर शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्हें भाजपा में बड़ी जिम्मेदारी मिल सरती है। 13 जुलाई 2019 को फारूक खान को तत्कालीन राज्यपाल सत्यपाल मलिक का सलाहकार बनाया गया था।

सत्यपाल मलिक के प्रदेश से जाने के बाद वह उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू और फिर मनोज सिन्हा के सलाहकार के तौर पर काम कर रहे थे। प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी फारूक खान भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के अलावा लक्षद्वीप के उप-राज्यपाल भी रह चुके हैं।

फारूक खान ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए कहा कि वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। पार्टी आगे उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वह बखूबी निभाएंगे। सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव में फारूक खान को भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व अहम जिम्मेदारी देना चाहता है।

फारूक खान जम्मू के विधानसभा चुनाव में भाजपा का प्रमुख मुस्लिम चेहरा हो सकते हैं और उन्हें जम्मू संभाग के राजोरी और पुंछ जिलों और कश्मीर संभाग में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *