Cyclone Asani: मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट….

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात असानी में बदल चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि आज शाम तक यह चक्रवात अपना असर दिखाएगा। इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 घंटे के अंदर पूर्व-मध्य में भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

वहीं आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया है कि चक्रवात असानी उत्तर-पश्चिम दिशा में 16 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है। विशाखापत्तनम से यह दक्षिण-पूर्व दिशा में 970 किमी और पुरी से दक्षिण-पूर्व दिशा में 1020 किमी की दूरी पर है।

उन्होंने कहा कि 10 मई की शाम तक यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और ओडिशा तट के समानांतर आगे बढ़ेगा। उन्होंने आगे बताया कि 10 मई तक यह उत्तरी आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों तक भी पहुंच सकता है।

इसके बाद 10 मई की देर शाम से बारिश शुरू होगी। ओडिशा के तीन जिलों गंजम, गजपति और पुरी के लिए बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया। वहीं 11 मई को पांच जिलों में भारी बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है।

मछुआरों को लेकर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। कहा गया है कि 10 मई तक वे पश्चिम बंगाल व ओडिशा के तटों तक न जाएं। ओडिशा तट के पास समुद्र की स्थिति 9 मई और 10 मई को खराब रहेगी।

चक्रवाती तूफान असानी का असर पश्चिम बंगाल और ओडिशा में सबसे ज्यादा दिखने के आसार हैं। इसके अलावा झारखंड, बिहार, असम, सिक्किम और आंध्र प्रदेश में भी इसका असर दिखाई देगा। इन सभी राज्यों के लिए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *