कई राज्‍यों में बारिश का अनुमान

नई दिल्‍ली। मानसून देशभर में सक्रिय हो गया है। कुछ दिनों से अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही थी, कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र और गुजरात में तेज बारिश होगी। रविवार को हुई बारिश से गर्मी व उमस से राहत मिली है।

मानसून राजस्थान, बिहार, झारखंड, गुजरात, महाराष्ट्र में सक्रिय है। आज झारखंड में भारी बारिश का अनुमान है। आज और कल झारखंड के उत्तर-पूर्वी तथा मध्य भाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। बिहार के कुछ इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना:-

आज दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना है। 5 और 6 जुलाई को मध्यम से भारी बारिश संभव है। अगले 24 घंटे में  उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा दिल्ली और जम्मू कश्मीर में छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें हो सकती हैं।

गुजरात में भारी वर्षा के आसार:-
गुजरात में बारिश का सिलसिला जारी है। अगले पांच दिनों तक राज्य के कुछ जिलों में भारी वर्षा के आसार हैं।

बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम:-
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से ओडिशा के तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की उम्मीद है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से महाराष्ट्र के समुद्र तट तक एक द्रोणिका फैली हुई है। वह मानसून को गति देगी। इसके कारण हवा में नमी बढ़ने से आसपास के राज्यों में अच्छी वर्षा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *