पहलगाम में ITBP की बस खाई में गिरी

पहलगाम। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक बड़ा हादसा हुआ है। पहलगाम के चंदनवाड़ी में ITBP के जवानों से भरी बस खाई में गिर गई। इस हादसे में छह जवान शहीद हो गए हैं और 30 जवान घायल हुए हैं। बचाव और राहत कार्य अभी जारी है। मौके पर 19 एंबुलेंस तैनात हैं। जानकारी के मुताबिक, एक बस आईटीबीपी जवानों को चंदनवाड़ी से पहलगाम  ले जा रही थी।

ब्रेक फेल होने की वजह से बस खाई में गिर गई। बस में 39 जवान सवार थे। 37 जवान आईटीबीपी और दो जवान जम्मू कश्मीर पुलिस के थे।जानकारी मिली है कि सभी जवान अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर थे। अमरनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद जवान लौट रहे थे। इसी दौरान ब्रेक फेल होने के बाद बस नदी में गिर गई। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

पुलिस के अनुसार, अनंतनाग जिले में चंदनवाड़ी पहलगाम के पास सड़क दुर्घटना में आईटीबीपी के छह जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए सेना के अस्पताल श्रीनगर ले जाया जा रहा है।

बस हादसे पर आईटीबीपी के पीआरओ ने बताया कि हमारे छह जवानों की जान गई है, जबकि 30 घायल हुए हैं। हम घायलों को हर संभव इलाज मुहैया करा रहे हैं। आईटीबीपी मुख्यालय स्थिति पर नजर रखे हुए है। जवान अमरनाथ यात्रा ड्यूटी से लौट रहे थे। शहीद जवानों के परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *