सरकार की योजनाओं पर उपराज्यपाल से सीएम केजरीवाल ने की चर्चा….

दिल्‍ली। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना की जांचों का दायरा बेशक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक पहुंचा है, लेकिन शुक्रवार वह साप्ताहिक बैठक में शिरकत करने राजनिवास पहुंचे। इसमें जनहित से जुड़ी दिल्ली सरकार की योजनाओं पर उपराज्यपाल से चर्चा की। इस दौरान सीएम केजरीवाल ने विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के हक में अगर किसी के पैर पकड़ने पड़े तो वह इससे भी गुरेज नहीं करेंगे।

दरअसल दिल्ली की चुनी हुई सरकार और उपराज्यपाल के शासनिक ताल्लुकात आरोपों-प्रत्यारोपों से निकलकर निजी स्तर तक जा पहुंचे हैं। उपराज्यपाल के निर्देश पर दिल्ली सरकार के मंत्रियों समेत मुख्यमंत्री तक जांच का दायरा पहुंच गया है। उधर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के शहर से बाहर होने से पिछले हफ्ते शुक्रवार की साप्ताहिक बैठक नहीं हो सकी थी। इस बार मुख्यमंत्री खुद राजनिवास पहुंचे।

साप्ताहिक बैठक में जनहित से जुड़े मसलों पर विचार हुआ। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जोर दिया कि दिल्ली के विकास कार्यों को और गति देने की जरूरत है। साथ ही विभिन्न मुद्दों पर टकराव के बावजूद किसी भी स्थिति में दिल्ली में चल रहे विकास कार्यों को नहीं रूकने देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *