शीतलहर के कारण 20 फ्लाइट्स और 42 ट्रेनें लेट

नई दिल्‍ली। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से कांप रहा है। शीतलहर और कोहरे के कारण आम जनजीवन बेहाल हो गया है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहें है। दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर के साथ-साथ रविवार सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे की मोटी परत ने राष्ट्रीय राजधानी को ढक लिया जिससे दृश्यता कम हो गई। बढ़ती ठंड को देखते हुए लोग घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घने कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित है।

राष्ट्रीय राजधानी में भीषण कोहरे और ठंड के कारण हवाई यात्री भी परेशान हैं। घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ने वाली करीब 20 फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह छह बजे तक किसी विमान के मार्ग में परिवर्तन की सूचना नहीं थी। यात्रियों का कहना है कि कड़ाके की ठंड के बीच एयरपोर्ट पर दृश्यता बहुत कम है। वहीं, कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 42 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

वहीं, शनिवार को ठंडी ने इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज इलाका एक बार फिर ठिठुरा, यहां तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोदी रोड में 2.0, आयानगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इससे पहले वर्ष 2021 में एक जनवरी को तापमान 1.1 डिग्री दर्ज हुआ था। जबकि बीते साल 2022 में सीजन के सबसे ठंडे दिन का रिकॉर्ड एक जनवरी को था जब तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं 2020 में एक जनवरी को तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *