ठंड और घने कोहरे से कांप रहा उत्तर भारत

नई दिल्‍ली। उत्तर भारत में भीषण सर्दी और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह कहीं घना तो कहीं बहुत ज्यादा घना कोहरा छाया रहा। ओस की बूंदें बारिश की तरह टपकती रहीं। राजधानी दिल्ली लगातार पांचवें दिन कई पहाड़ी स्थानों से ज्यादा ठंडी रही।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और कोहरे में कमी आने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। IMD महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि 10 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इससे धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा। उधर, मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे और ठंड के कारण दिल्ली-काठमांडू, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-शिमला, दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-चंडीगढ़-कुल्लू की उड़ानें देरी से हैं।

सोमवार को आगरा, लखनऊ, बठिंडा समेत कई स्थानों पर दृश्यता गिरकर शून्य रह गई। दिल्ली के सफदरजंग व रिज में दृश्यता 25 मीटर दर्ज की गई। घने कोहरे ने रेल परिचालन व्यवस्था को पटरी से ही उतार दिया है। सोमवार को 267 ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, इनमें 82 एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। राजधानी समेत 170 ट्रेनें एक से सात घंटे तक की देर से चल रही थीं।

सर्दी ने देहरादून और नैनीताल को छोड़ा पीछे
राजधानी ने ठंडी में देहरादून, नैनीताल जैसे पहाड़ी स्थानों को पीछे छोड़ दिया। मनाली में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस, नैनीताल में 6.0, देहरादून में 6.5 डिग्री रहा। वहीं, सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया।

कोहरे में आज से कमी :-
आईएमडी ने कहा कि मंगलवार से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड व कोहरे में कमी आने का पूर्वानुमान है। आईएमडी महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने कहा, 10 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ बन रहा है। इससे धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा। शीतलहर से राहत मिलने लगेगी। हालांकि, 13 जनवरी से तापमान में फिर गिरावट की उम्मीद है। ठंड से कांप रहे दिल्ली-एनसीआर और उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को 24 घंटे बाद ठंड से मामूली राहत मिल सकती है। हालांकि अभी दो से तीन दिन घना कोहरा अभी परेशान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *