खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शुभारंभ आज, केंद्रीय खेल मंत्री और सीएम करेंगे उद्घाटन

मध्य प्रदेश। एमपी की मेजबानी में खेलो इंडिया यूथ गेम्स का शानदार आगाज 30 जनवरी से होने जा रहा है। सोमवार को भोपाल के तात्या टोपे नगर स्टेडियम में शाम 7 बजे केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निशीत प्रमाणिक और प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की उपस्थिति में खेल महाकुंभ का रंगारंग शुभारंभ किया जाएगा।

100 मीटर लंबा स्टेट बनाया:-
पहली बार मध्यप्रदेश में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन समारोह की भव्य तैयारी की गई है। टीटी नगर स्टेडियम के मुख्य ग्राउंड पर लगभग 100 मीटर लंबा स्टेज बनाया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाया गया है। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीम-बेटका, महाकाल महालोक, साँची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर फोर्ट बनाया गया है।

गायक शान देंगे प्रस्तुति:-
उद्घाटन समारोह में प्रख्यात टीवी स्टार जय भानुशाली एंकरिंग करेंगे। समारोह में मशहूर गायक शान, जिन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के थीम सॉन्ग को आवाज दी है, अपनी प्रस्तुति देंगे। गायिका नीति मोहन नर्मदा अष्टक की प्रस्तुति देंगी। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध ड्रम्स शिवामणि और ग्रुप द्वारा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की प्रस्तुति 100 लोक कलाकारों के दल द्वारा दी जायेगी।

प्रदेश के 470 खिलाड़ी लेंगे भाग:-
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मेजबान मध्यप्रदेश पर इस बार सभी की नजरें होंगी। पिछली बार हरियाणा के कुरुक्षेत्र में हुए खेलो इंडिया गेम्स में मध्यप्रदेश ने 12 स्वर्ण, 11 रजत और 15 कांस्य पदक के साथ कुल 38 पदक लेकर 8वां स्थान प्राप्त किया था, जिसमें अधिकांश पदक अकादमी के खिलाड़ियों ने जीते थे। मध्यप्रदेश इस बार खेलो इंडिया के सभी 27 खेल में भागीदारी कर रहा है। सभी खेलों के 470 सदस्यीय दल में अकादमी के 146 खिलाड़ी इस बार शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *