प्रकृति और इतिहास से है प्यार, जबलपुर की इन जगहों का करें दीदार

यात्रा। देश का दिल कहे जाने वाले मध्य प्रदेश में कई फेमस ट्रैवल डेस्टिनेशन्स हैं। घूमने के शौकीन लोग एमपी को एक्सप्लोर करना पसंद करते हैं। अगर आपको प्रकृति और इतिहास से प्यार है तो जबलपुर की कुछ जगहों का दीदार आपके लिए बेस्ट हो सकता है। नर्मदा नदी के तट पर बसा जबलपुर भव्य ऐतिहासिक इमारतों और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के लिए प्रसिद्ध है। आइए जानते हैं जबलपुर में घूमने की कुछ बेहतरीन जगहों के बारे में-

भेड़ाघाट मार्बल रॉक:-

जबलपुर सिटी से महज 25 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद भेड़ाघाट मार्बल रॉक नर्मदा नदी के तट पर स्थित है। लगभग 100 फीट ऊंची संगमरमर की ये चट्टान 25 किलोमीटर में फैली है। इस जगह पर सन राइज और सनसेट का नजारा काफी अच्‍छा लगता है। साथ ही यहां आप बोटिंग का भी भरपूर लुत्फ उठा सकते हैं।

मदन महल फोर्ट:-

जबलपुर में एतिहासिक इमारतों की सैर करने के लिए आप मदन महल का रुख कर सकते हैं। राजा मदन शाह द्वारा निर्मित इस किले को गोंड शासकों की विरासत के रूप में जाना जाता है। वहीं महल के परिसर में एक खूबसूरत जलाशय भी मौजूद है।

बैलेंसिंग रॉक:-

बैलेंसिंग रॉक को जबलपुर की अनोखी जगहों में गिना जाता है। शहर से महज 6 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इस जगह पर एक चट्टान पर पत्थरों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है। खास बात ये है कि 6.5 रिक्टर भूकंप आने के बावजूद इन पत्थरों का बैलेंस बरकरार रहता है।

चौंसठ योगिनी मंदिर:-

जबलपुर के फेमस चौंसठ योगिनी मंदिर को देश की प्राचीन विरासतों में से एक माना जाता है। 10वीं शताब्दी में कालाचुरियों द्वारा निर्मित इस मंदिर में कुल 64 श्राइन मौजूद हैं। साथ ही 150 सीढ़ियां चढ़ने के बाद मंदिर की अद्भुत नक्काशी आपका दिल खुश कर सकती है। यह मंदिर मुख्य रूप से भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है।

धुआंधार वॉटरफॉल:-

जबलपुर से महज 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित धुआंधार वॉटरफॉल को स्मोक कैस्केड भी कहा जाता है। यहां नर्मदा नदी लगभग 98 फीट की ऊंचाई से गिरती है। जिससे आसपास का नजारा बेहद आकर्षक लगता है। वहीं धुंआधार वॉटरफॉल का दीदार करने के साथ-साथ आप यहां बोटिंग और केबल कार जैसे एडवेंचर्स भी ट्राई कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *