तिहाड़ जेल में गैंगवार, गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया का मर्डर

नई दिल्‍ली। राजधानी दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्‍टर टिल्लू ताजपुरिया उर्फ सुनील मान की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उस पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों ने हमला किया। इस हमले में वह बुरी तरह से घायल हो गया। उसे अस्पताल भी ले जाया गया था। गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट के आरोपी गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के सदस्यों योगेश टुंडा और अन्य ने तिहाड़ जेल में रॉड से हमला कर मार डाला। जेल अधिकारी टिल्लू को दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लेकर भी पहुंचे, यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस जांच में जुटी है।

आपको बता दें कि साल 2021 में रोहिणी कोर्ट में बदमाशों ने दिल्ली के टॉप मोस्ट बदमाश जितेंद्र उर्फ गोगी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया का नाम सामने आया था। रोहिणी कोर्ट संख्या 207 में जितेंद्र उर्फ गोगी के घुसते ही हमलावरों ने गोलियां बरसाई थी। पहली गोली उसकी पीठ पर मारी गई। गोली लगते ही उसने पीछे घूमकर हमलावरों की तरफ देखा तो फिर उसके सीने पर ताबड़तोड़ गोलियां मारी गईं। गोलीबारी होते ही कोर्ट रूम में भगदड़ मच गई। जज व कर्मचारियों ने अपने कमरे में जाकर जान बचाई। गोली चलते ही गोगी के साथ अंदर गए कमांडो ने हमलावरों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उन्हें ढेर कर दिया। ये बदमाश टिल्लू गैंग के सदस्य थे।

बताया जाता है कि टिल्लू और जितेंद्र गोगी कॉलेज में दोस्त थे। लेकिन कॉलेज चुनाव के दौरान दोनों के बीच दूरियां आ गईं। उनके बीच टकराव की स्थिति पैदा होने लगी। जिसके बाद वह एक दूसरे की जान के दुश्मन बन गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *