Chhattisgarh: कांग्रेस पर बरसे गृह मंत्री, कहा- राहुल बाबा के नेतृत्व में कहते थे धारा-370 हटी तो खून बहेगा, कंकड़ तक नहीं चला

Raipur News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने पर केंद्रीय नेता जनता के बीच जा रहे हैं। इसी सिलसिले में गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार को दुर्ग पहुंचे। दुर्ग के पं रविशंकर स्‍टेडियम में उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। गृह मंत्री अमित शाह ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार और प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार पर जमकर निशाना साधा। दोनों को घोटालों की सरकार बताया। कहा कि, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह ने 10 साल शासन किया। इस दौरान 12 लाख करोड़ का घोटाला किया। वहीं नौ साल में मोदी जी पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। यही हाल छत्तीसगढ़ में भी भूपेश बघेल सरकार का है। वो भी यहां घोटाला कर रहे हैं।

गृहमंत्री अमित शाह ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ जनसभा की शुरुआत की। कहा कि, ये प्रभु श्रीराम की ननिहाल है और उनके वन गमन का मार्ग भी है। भगवार राम को प्रणाम करता हूं। उन्होंने भाइयों और बहनों के साथ युवाओं को मेरे जिगर के टुकड़ों जैसे युवा मित्रों कहकर संबोधित किया। गृह मंत्री ने ने कहा कि, 2014 के लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में 11 मे से 10 सीटें आप लोगों ने दीं। 2019 में भी 11 सीटें देने का काम छत्तीसगढ़ की जनता ने किया है।

मोदी सरकार में आतंकवाद का सफाया
उन्‍होंने लोगों से पूछा कि, अब 2023 मे विधानसभा का चुनाव है, यहां किस पार्टी की सरकार बनेगी? 2024 में राहुल बाबा और मोदी जी कौन प्रधानमंत्री बनेगा?, जोर से बोलो। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि, जब सोनिया और मनमोहन सिंह शासन करते थे, देश में आतंकी घटनाएं होती थीं। पाकिस्तान से लोग घुस जाते थे और सिर काट देते थे। मनमोहन सिंह की सरकार उफ तक नहीं करती थी। मोदी जी की सरकार आई। उरी और पुलवामा हमला किया। 10 दिन में मोदी जी एयर स्ट्राइक की और घर में घुसकर आंतकवाद का सफाया कर दिया।

कहते थे धारा-370 हटी तो खून बहेगा, कंकड़ तक नहीं चले
गृहमंत्री ने लोगों से पूछा कि, कश्मीर हमारा है या नहीं है? धारा 370 हटनी चाहिए थी या नहीं? उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने 70 साल में बच्चे की तरह इस धारा को संभाला। धारा 370 हटी तो कांग्रेस के नेता राहुल बाबा के नेतृत्व में कहते थे कि इसे मत हटाओ, कश्मीर में खून की नदिया बह जाएंगी। अब धारा 370 हट गई, खून की नदिया छोड़िए, कंकड़ तक नहीं चले।  मोदी सरकार के  नौ साल भारत गौरव, गरीब कल्याण, भारत उत्कर्ष के नौ साल हैं। गरीब कल्याण के लिए ढेर सारे काम किए।

 कांग्रेस ने श्रीराम का अपमान करने का काम किया

उन्‍होंने आगे कहा कि, बाबर ने अयोध्या में राम मंदिर तोड़ा था। उसके बाद जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उसने लटकाए रखा। मंदिर बनने नहीं दिया। मोदी जी ने एक दिन जाकर भूमि पूजन किया। अब भव्य मंदिर तैयार हो रहा है। आप लोग जनवरी में पूजन के लिए तैयार रहना। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने श्रीराम का अपमान करने का काम किया। मोदी जी ने जन्मस्थान में सम्मान के साथ भगवान राम को बिठाने का काम किया। मोदी जी के नेतृत्व में देश 11वें नंबर से पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बना। देश का सम्मान दुनिया के सामने बढ़ाया।

कांग्रेस के शासन में वामपंथी उग्रवाद चरम पर

अमित शाह ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। ये वादा खिलाफी करने वाली सरकार है। शराबबंदी की घोषणा कर होम डिलीवरी की सुविधा शुरू की। रेडी टू ईट बनाने वाली 22 हजार महिलाओं की नौकरी चली गई। प्रदेश में एक लाख करोड़ का कर्जा भी कर दिया है। तेंदूपत्ता का 500 करोड़ रुपये गरीब आदिवासियों का बकाया है। एक लाख नौकरी की बात कही, लेकिन नहीं दी। कांग्रेस के शासन में वामपंथी उग्रवाद चरम पर था। आज बस्तर के कुछ हिस्से को छोड़कर हर जगह कंट्रोल में है।

बघेल सरकार हर मोर्चे पर फेल

उन्‍होंने आगे अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि बघेल साहब, यहां घोटाले पर घोटाले कर रहे हैं। शराब घोटाला 2000 करोड़, परिहन कोयला घोटाला 500 करोड़, गौठान घोटाला 1300 करोड़, पब्लिक सर्विस कमीशन घोटाला। कहा कि, कारोना सेस लगाया, पर खर्च नहीं किया। यह सरकार हर मोर्चे पर फेल रही। उन्होंने कहा कि, आदिवासी बच्चे इलाज के अभाव में मारे गए। संरक्षित जनजाति के सैकड़ों लोग कुपोषण का शिकार बने। एक हजार किसानों ने आत्महत्या की। इस प्रदेश में 5000 से ज्यादा दुष्कर्म हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *