Ghazipur: जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन्त पंकज जी महाराज अपनी 83 दिवसीय शाकाहार-सदाचार मद्यनिषेध आध्यात्मिक जनजागरण यात्रा के साथ जिला गाजीपुर अन्तर्गत सघन सत्संग दौरा कर रहे हैं। आज थाना शादियाबाद के ग्राम धावा (मलिकपुरा बउली) में सत्संग समारोह में प्रवचन करते हुए उन्होंने ‘‘यह तन तुमने दुर्लभ पाया। कोटि जन्म भटका जब खाया।’’ पंक्तियों को उद्धृत करते हुए कहा कि करोड़ो जन्मों में भटकने के बाद यह दुर्लभ मनुष्य शरीर आपको मिला है। अब इसको बर्बाद न करें। इसमें रहकर कुछ आत्म धन कमा लें जो अन्त समय में आपके काम आये। यदि आपने यह काम न किया तो नर्कों, चौरासी की कठोर यातनायें भोगनी पड़ेंगी।
आप यह सोच सकते हैं कि जब यह शरीर खत्म हो गया तो किसे सजा मिलेगी। इसी शरीर से मिलती सत्रह तत्वों की लिंग शरीर में कर्म भुगतायें जाते हैं। खोटे-बुरे कर्मों को करने वाले जीवों को भयानक सजायें मिलती हैं और मिल रही हैं। जीवों के रोने-चिल्लाने की अवाजें लाखों मील तक जाती हैं कोई बचाने वाला नहीं है। सहजोबाई ने इस दृश्य का वर्णन करते हुए कहा ‘‘लौह के खम्भ तपत के माहीं जहां जीव को ले चिपटाहीं।’’ लोहे जैसे खम्भे तप कर लाल हो रहे उसमें जीव चिपकाये जाते हैं। उनकी दर्द भरी आवाज संत महात्मा जब साधना करके ऊपर जाते हैं तो उसे देख कर द्रवित हो जाते हैं और बचाने के लिये समझाते हैं। इसलिये अभी तो सन्तों के हाथ की बात है उनकी शरण ले लें। कलयुग में सुमिरन, ध्यान, भजन की तीन क्रियाएं सन्तों ने बताया और क्रियाओं को थोथा बताया जिसे गृहस्थ आश्रम में रहकर किया जा सकता है।
उन्होंने सन्त सतगुरु को सर्व शक्तिमान बताते हुए कहा कि गुरु सब कुछ के दाता हैं, कर्म की रेख पर मेख मार देते हैं। गुरु अंतर्यामी हैं। हमारे गुरु महाराज बाबा जयगुरुदेव जी ने ‘जयगुरुदेव’ नाम को जगा कर सिद्ध कर दिया है। लोक-परलोक दोनों लाभ के साथ यह संकल्प जुड़ा है कि ‘‘जन-जन की जबान पर जब जयगुरुदेव आयेगा। सच्ची स्वतंत्रता का तब आनन्द पायेगा।’’ महाराज जी ने बताया कि बाबा जी ने आगरा-दिल्ली बाई पास मथुरा में विश्व का अद्वितीय जयगुरुदेव मन्दिर बनवाया है। जहां एक बुराई चढ़ाने यानि छोड़ने पर एक मनोकामना की पूर्ति होती है। जयगुरुदेव आश्रम आगरा-दिल्ली रोड, मथुरा में आगामी 3 से 5 मार्च तक तीन दिवसीय होली सत्संग मेला में पधारने का निमन्त्रण दिया।
इस अवसर पर जंगबहादुर सिंह यादव, मनबोध यादव, मंजीत यादव, मनोभव यादव, सुरेन्द्र यादव, अमरजीत प्रजापति, रामवृक्ष राम, पटेल पाल, रामजी गुप्ता, राजेश यादव, मुलायम यादव, विवके यादव (छोटू), प्रकाश यादव, अंगद पाल, सहयोगी संगत हरियाणा के बुधराम यादव, बाबूलाल शर्मा, रामनिवास आदि मौजूद रहें। पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था में सहयोग किया। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव सराय गोकुल ब्लाक मनिहारी के लिये प्रस्थान कर गई। यहां आज दोपहर 12 बजे से सत्संग आयोजित है।