मानव अपने जीवन के उद्देश्यों से हो गया है विरत: पंकज जी महाराज

Ghazipur: प्रेम, सद्भाव से रहने, कुछ समय भगवान की आराधना में लगाने, शाकाहार अपनाने, शराब आदि नशा को त्यागने, चरित्र उत्थान के संदेश व प्रेरणा देते हुए जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत पंकज जी महाराज अपनी 83 दिवसीय जनजागरण यात्रा के साथ कल सायंकाल जसवंत राय इण्टर कालेज गोरखा थाना खानपुर ब्लाक तहसील सैदपुर में अपना 57वाँ पड़ाव डाला। स्थानीय बहनों, भाईयों ने यात्रा का गाजे-बाजे व जयगुरुदेव उद्घोष के साथ स्वागत किया। आज दोपहर 12 बजे से आयोजित सत्संग समारोह में उन्होंने कहा कि यह मनुष्य शरीर किराये का मकान है।

मालिक ने इसे साधना-भजन करके अपने घर निकल चलने के लिये दिया है। आप लोग इसे भूल गये, भौतिक चीजों में फंस कर आत्म कल्याण के रास्ते से भटक कर मांसाहार, शराब आदि के सेवन में फंस कर मानव जीवन पाने के उद्देश्य से विरत हो गये। कर्मों के बन्धन में फंस कर युगों-युगों से इसी भवसागर में जन्म-मरण की असह्य वेदना को झेल रहे हो। अब से ही सुरत शब्द, नाम भेदी महात्मा की खोज करके उनके बताये रास्ते पर चलें और आत्म कल्याण कर लें।

संत पंकज जी ने कहा कि आगे समय बहुत खराब आ रहा है। ‘‘राख बनेंगे महानगर तक एटम के अंगारों से पत्ता-पत्ता झुलस जायेगा विश्व युद्ध झंकारों से। मानव की क्या पेश चलेगी, अम्बर तक फट जायेगा। इस धरती का सारा आंगन लाशों से पट जायेगा। महाशक्तियाँ दुनिया भर की, मिट्टी में मिल जायेंगी। क्रूर विधर्मी मानव की तब, अक्ल ठिकाने आयेगी। ऐसा भी शिव बम भोले का ताण्डव होने वाला है। जागो-जागो दुनिया वालों समय बदलने वाला है।। महाराज जी ने कहा कि आप लोग चेत जाओ। शाकाहारी-सदाचारी बनें और शराब जैसे नशा से दूर हो जायें। उन्होंने हाथ में माला लेकर सुमिरन, ध्यान, भजन का रास्ता विस्तार से समझाया। सबको सचेत करते हुये बताया कि आप लोग चौबीस घण्टे में से एक दो घण्टा आत्म कल्याण के लिये बताये गये साधना-भजन में लगायें।

संत पंकज जी ने आगामी 3 से 5 मार्च तक जयगुरुदेव आश्रम आगरा-दिल्ली बाईपास मथुरा पर होने वाले होली सत्संग मेला में सभी को भाग लेने के लिये आमंत्रित किया। सभी प्रेमियों को सत्संग में आने के लिये साधुवाद कहते हुए सबके सुखद भविष्य की मंगल कामना किया। शांति व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग रहा।

इस अवसर पर लालजी यादव, दुर्गेश यादव, संतोष यादव, रामराज पाल, राम अधार यादव, देवी प्रसाद चौबे, संजय यादव, मंगला प्रसाद त्रिपाठी तथा सहयोगी संगत जौनपुर के अध्यक्ष ऋषिदेव श्रीवास्तव अपने सहयोगियों के साथ मौजूद रहे।

सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अगले पड़ाव ग्राम बहेरी ब्लाक सैदपुर के लिये प्रस्थान कर गई। यहां कल (आज) दोपहर 12 बजे से सत्संग समारोह आयोजित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *