Weather news: देश में इस समय मौसम का मिजाज कुछ अलग ही है. उत्तर भारत में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ठंड के साथ-साथ बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे ठंडक और भी ज्यादा महसूस हो रही है. मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर से कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक के साथ तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. इन हवाओं की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में भी गिरावट आएगी.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदलेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में आज मौसम सुहावना लेकिन नम बना रह सकता है. मौसम विभाग ने शहर में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है. सोमवार को कोहरे की चादर में लिपटी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं अगले दिन सुबह हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है.
यूपी में बारिश, बिहार में साफ मौसम
उत्तर प्रदेश में आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, सोनभद्र, महोबा, ललितपुर, झांसी, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, मऊ, प्रतापगढ़ और बलिया समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है.
वहीं बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है. राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
राजस्थान में ओलावृष्टि की भी आशंका
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में कई जगह बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार अभी ये दौर जारी रहेगा और इस दौरान कहीं कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है. IMD के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के कुछ भागों में हल्की बारिश हो सकती है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने वाला है. जोरदार बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है. प्रभावित जिले: नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल. वहीं हिमाचल में भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. प्रभावित जिले: शिमला, मनाली, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, चंबा और हमीरपुर. मनाली में: अधिकतम -3 डिग्री, न्यूनतम -13 डिग्री (बहुत ठंडा). तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है. नैनीताल में: अधिकतम 17 डिग्री, न्यूनतम 8 डिग्री.
इसे भी पढ़ें:-अब 25 नही 18 प्रतिशत… भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा, ट्रंप ने घटाया टैरिफ