Delhi: संसद परिसर में NDA संसदीय दल की बैठक चल रही है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी NDA संसदीय दल की बैठक में शामिल होने के लिए संसद एनेक्सी बिल्डिंग पहुंचे।
बैठक की जरूरत क्यों पड़ी?
दरअसल, एनडीए संसदीय दल की यह बैठक सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसके पीछे कई बड़े राजनीतिक और रणनीतिक कारण हैं। एक तरफ जहां सरकार ने हाल ही में यूनियन बजट 2026 पेश किया है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष संसद में सरकार को घेरने के लिए नए-नए मुद्दे उठा रहा है। खासतौर पर सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा चीन से जुड़े एक मुद्दे पर एक मैगज़ीन रिपोर्ट का हवाला देने की कोशिश के बाद जोरदार हंगामा हुआ था।
बैठक से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर किया ये पोस्ट
एनडीए सांसदों की बैठक में शामिल होने से पहले पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “आत्मविश्वास वह शक्ति है, जिसके बल पर सब कुछ संभव है। विकसित भारत के सपने को साकार करने में देशवासियों की यही शक्ति बहुत काम आने वाली है। श्रीर्मङ्गलात् प्रभवति प्रागल्भ्यात् सम्प्रवर्धते। दाक्ष्यात् तु कुरुते मूलं संयमात् प्रतितिष्ठति।”
टैरिफ घटकर 18% हुआ
इससे पहले पीएम मोदी ने पोस्ट किया था, “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 14 लाख जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प को हार्दिक धन्यवाद। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।”