भिंड-ग्वालियर हाईवे पर बस-कार की भीषण टक्कर, पटवारी समेत 5 लोगों की मौत, 6 घायल

MP News: मध्य प्रदेश के भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है. गोहद थाना क्षेत्र के पास छीमका गांव के पास दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई. वहीं, 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं. दो घायलों को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है. जानकारी के अनुसार बस भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी. इसी दौरान ईको कार ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी. तभी अचानक दोनों गाड़ियों में भीषण टक्कर हुई. टक्कर के बाद ईको कार के परखच्चे उड़ गए.

बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी बस

शनिवार की दरम्यानी रात 2 बजकर 30 मिनट के करीब तेज रफ्तार खाली बस  जो भिंड में बारात छोड़कर ग्वालियर वापस जा रही थी, जबकि ईको कार ग्वालियर से भिंड की ओर आ रही थी. गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका के पास दोनों में तेज टक्कर हो गई थी. टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार के परखच्चे उड़ गए. जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई औऱ 6 लोग घायल हो गए.

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव कार्य शुरू किया. घायलों में से 2 की बेहद गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है. दुर्घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है. 

मृतकों में पटवारी और पूर्व सैनिक भी शामिल

पुलिस फिलहाल मृतकों एवं घायलों की पहचान करने में जुटी हुई है. एक मृतक की पहचान भिंड निवासी जगदीश भदौरिया के रूप में हुई है जो कि वर्तमान में पटवारी थे और भूतपूर्व सैनिक भी थे. एक व्यक्ति की पहचान अतुल शिवहरे के रूप में हुई है. जबकि अन्य की पहचान करने की कोशिश अभी जारी है. वहीं पुलिस के अनुसार ईको कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक से बात की गई तो उसने बताया कि उसके द्वारा कार को बेच दिया गया था. और जिस व्यक्ति को कार बेची गई उदक मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है.

इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में धमाके की साजिश रच रहा लश्कर! सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *