हरिद्वार में कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, केंद्र सरकार ने जारी किए 500 करोड़ रुपये

Haridwar Kumbh 2027: उत्तराखंड में वर्ष 2027 में कुंभ मेला का आयोजन होने जा रहा है. केंद्र सरकार की ओर से इस वृहत आयोजन की तैयारियों को पूरा कराने के लिए 500 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 हरिद्वार की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है. सीएम धामी ने हरिद्वार कुंभ के भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं.

दुनिया में मशहूर है कुंभ मेला

सीएम धामी ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक सभा नहीं है, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक सद्भाव को दिखाने वाला दुनिया भर में मशहूर एक बड़ा त्योहार है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से मंजूर किए गए फंड कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और अच्छी तरह से तैयारियों को पूरा कराने में अहम भूमिका निभाएंगे.

केंद्र ने कुंभ के लिए जारी किए 500 करोड़

राज्य सरकार के अनुसार, स्वीकृत धनराशि से घाटों के सौंदर्यीकरण, सड़क और पुलों के निर्माण एवं मरम्मत, यातायात प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया जाएगा. साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी आवास, पार्किंग, चिकित्सा सेवाएं और कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्थाएं भी बेहतर की जाएंगी.

सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को दिया धन्यवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं. राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुंभ 2027 को दिव्य और भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी.

इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में स्पाइस जेट फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, 150 यात्री सुरक्षित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *