UP News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आया है. बीती रात एक तेज रफ्तार पिकअप ने 5 महिलाओं को रौंद डाला. जिसमें तीन महिलाओं की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं. ये महिलाएं शादी समारोह से खाना बनाकर घर लौट रही थी. तभी पीछे से पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया.
पिकअप ने पांचों महिलाओं को कुचल दिया
यह हादसा महोबा के कानपुर–सागर नेशनल हाईवे पर शहर कोतवाली क्षेत्र के भटीपुरा में एआरटीओ ऑफिस के पास हुआ. ये महिलाएं बीती रात होटल मीरा पैलेस में एक शादी समारोह में खाना बनाने का काम निपटाकर पैदल अपने घर लौट रही थीं. महिलाएं सड़क किनारे चल रही थीं, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप आई. जिसने किसी को संभलने तक का मौका नहीं दिया और महिलाओं को रौंदकर फरार हो गई. हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई.
पांच महिलाओं को रौंदते हुए पिकअप चालक फरार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया. दुर्घटना में 50 वर्षीय भागवती, 35 वर्षीय गीता देवी और 40 वर्षीय श्याम रानी की मौत हो गई. तीनों भटीपुरा क्षेत्र की निवासी थीं. श्याम रानी की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि गीता देवी और भागवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घायल महिलाओं तुलसा और राजकुमारी की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया.
पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ा
पुलिस ने फरार पिकअप चालक को घेराबंदी कर हमीरपुर के मौदहा से गिरफ्तार कर लिया है. हादसे की जानकारी मिलते ही सदर विधायक राकेश गोस्वामी जिला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे कानूनी कार्रवाई जारी है.
इसे भी पढ़ें:-ट्रेन से सफर करने वालों के लिए बेहद जरूरी खबर, 1 मार्च से बदल रहे हैं रेलवे के ये नियम