पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 18 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई घायल

Andhra: आंध्र प्रदेश से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया है. पटाखा निर्माण इकाई में विस्फोट होने से 18 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. आंध्र प्रदेश की गृह राज्य मंत्री अनीता ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है. उन्होंने इस धमाके में हताहतों की संख्या और अधिक बढ़ने की भी आशंका जताई है. 

भयावह हादसे से सहमें लोग

यह हादसा शनिवार दोपहर को काकीनाडा जिले के सामरलाकोटा मंडल में वेटलापालेम-जी. मेडुपाडु के बीच बनी एक पटाखा फैक्ट्री में हुआ. धमाका इतना ज़बरदस्त था कि मज़दूरों के शव उड़कर सैकड़ों फीट दूर खेतों में जा गिरे. आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं. यह फैक्ट्री पेडापुडी रोड पर रहने वाले अडपा नानी के परिवार की बताई जा रही है. धमाके के बाद पूरा इलाका घने धुएं से भर गया.

जांच के आदेश

इस भयानक धमाके की असली वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है. हादसे के वक्त फैक्ट्री में करीब 30 लोग काम कर रहे थे. अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए हैं. इस घटना के बाद पूरे जिले में मातम पसरा हुआ है. उम्मीद है कि सरकार जल्द ही मरने वालों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान करेगी.

नियमों को ताक पर रखकर बन रहे थे पटाखे?

शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि फैक्ट्री में तय सीमा से ज़्यादा विस्फोटक जमा करके पटाखे बनाए जा रहे थे, जो इस भयानक हादसे की वजह बना. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर हैं और आग बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही हैं. लगातार हो रहे धमाकों की आवाज़ से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है.

इसे भी पढे़ं:-वन रक्षक के पदों पर निकली भर्ती, 12वीं पास करें आवेदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *