पीएम मोदी ने असम चुनाव से पहले भरी हुंकार, कहा- जीत की हैट्रिक लगनी तय

Assam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को असम दौरे के दौरान गोगामुख में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पिछले 10 सालों में राज्य में हुए विकास को BJP सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह समय “सेवा और अच्छे शासन” का रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी असम में BJP और उसके सहयोगी दलों की सरकार बनेगी और लगातार तीसरी बार जीत (हैट्रिक) हासिल होगी.

बोले पीएम मोदी-भाजपा की हैट्रिक तय

धेमाजी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “असम के चुनाव की घोषणा के बाद ये मेरी पहली जनसभा है. ये जो सामने जनसमुद्र है, युवाओं का ये उत्साह, बहनों-बेटियों का ये आशीर्वाद, ये प्यार इस बात की खुली घोषणा है कि इस बार हैट्रिक पक्की है. पीएम मोदी ने कहा, “आप सबके आशीर्वाद से मुझे प्रधानमंत्री के रूप में हैट्रिक बनाने का अवसर मिला. आप सबके आशीर्वाद से इस मैदान में भी हैट्रिक लगाने का अवसर मिला है, मैं यहां तीसरी बार आया हूं और आपके आशीर्वाद से असम में सरकार भी हैट्रिक बनाने वाली है.”

असम का संकल्प पत्र और मंगल लाने वाला है

पीएम ने कहा, “असम भाजपा ने कल एक शानदार संकल्प पत्र जारी किया है. कल मंगलवार था, मंगलवार का जारी हुआ ये संकल्प पत्र असम में और मंगल लाने वाला है…ये मंगलवार को आया मंगल पत्र है.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारे बेटियों के साथ कोई धोखाधड़ी ना कर सके, बेटियों का मान-सम्मान और जीवन सुरक्षित रहे इसके लिए भी अनेक बड़ी घोषणाएं की गई है. असम में UCC लागू करना और हमारे आदिवासी समाज, छठी अनुसूची क्षेत्र की परंपराओं को सुरक्षित रखना या असम की पहचान बचाने के लिए बहुत बड़ी घोषणाएं हैं. भाजपा जो कहती है वो करके दिखाती है.”

डबल इंजन सरकार से प्रदेश में विकास

कांग्रेस पर बरसते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “असम को प्रकृति ने बहुत कुछ दिया है, असम के पास संसाधनों की कभी कमी नहीं रही है. लेकिन कांग्रेस ने सत्ता के लिए असम के समाज को भी बांटा और ब्रह्मपुत्र के दो किनारों को भी कभी जुड़ने नहीं दिया. कांग्रेस ने 60-65 साल में ब्रह्मपुत्र पर सिर्फ 3 ही पुल बनाए. पुलों के अभाव में कितने ही लोगों को हमें खोना पड़ा. डबल इंजन सरकार ने इस परेशानी को समझा और 10-11 वर्षों में ही ब्रह्मपुत्र पर 5 बड़े ब्रिज पूरे किए.”

इसे भी पढ़ें:-केंद्र सरकार से उत्तराखंड को बड़ी राहत, आपदा प्रबंधन के लिए 113.90 करोड़ की मिली मंजूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *