Bihar: बिहार में गन्ना किसानों और चीनी उद्योग के लिए बड़ी खबर है. राज्य सरकार चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि अभी बिहार में 10 चीनी मिलें चालू हैं और जल्द ही 5 और नई चीनी मिलें शुरू की जाएंगी. सरकार का फोकस बंद पड़ी मिलों को फिर से चालू करने और नई मिलें लगाने पर है. इससे किसानों की कमाई बढ़ेगी और गांवों में हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा.
गन्ना विकास रथ-2026 अभियान की शुरुआत
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार, 17 नवंबर को मुख्यमंत्री सचिवालय से ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये रथ सभी जिलों में गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेंगे.सीएम ने कहा कि बिहार में गन्ना उत्पादन बढ़ाना और चीनी उद्योग को नई ऊंचाई पर ले जाना सरकार की पहली प्राथमिकता है. ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ के संकल्प के साथ यह अभियान चलाया जा रहा है.
किसानों को क्या फायदा मिलेगा?
इस अभियान के जरिए किसानों को कई अहम जानकारियां दी जाएंगी
- उन्नत किस्म के गन्ना बीज की जानकारी
- वैज्ञानिक खेती और जैविक खाद के फायदे
- गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान
- प्रमाणित गन्ना बीज पर सरकारी सहायता
- नए इलाकों में गन्ना खेती के लिए निशुल्क बीज
सरकार गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाना चाहती है ताकि मिलों को पर्याप्त गन्ना मिल सके.
अब डिजिटल होगी गन्ना खेती, गन्ना ID और AI चैटबॉट लॉन्च
किसानों को डिजिटल सुविधा से जोड़ने के लिए सरकार ने दो नई पहल की है – ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट. इससे किसान घर बैठे सरकारी योजनाओं, अनुदान और खेती से जुड़ी सलाह ले सकेंगे. इसके अलावा गांवों में किसान गोष्ठी और नुक्कड़ नाटक के जरिए भी किसानों को जागरूक किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना खेती किसानों की आमदनी बढ़ाने का सबसे बड़ा साधन है. मिलों के बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार और मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:-फर्जी वेबसाइट का झांसा कैसे पहचानें? एड्रेस बार में दिखते हैं ये 2 सीक्रेट निशान