PM Modi in Hooghly: पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता में हुगली नदी के तट पर समय बिताया और मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने नदी की फोटोग्राफी करने का भी प्रयास किया और विद्यासागर सेतु व हावड़ा ब्रिज का करीब से नजारा देखा. प्रधानमंत्री द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में उन्हें हाथ में कैमरा लिए एक लकड़ी की नाव पर बैठे देखा जा सकता है, जिसके बैकग्राउंड में विद्यासागर सेतु दिखाई दे रहा है.

प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘हर बंगाली के लिए गंगा का एक बहुत ही खास स्थान है. यह कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बसती है. इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता की शाश्वत भावना को अपने साथ समेटे हुए है. आज सुबह कोलकाता में मैंने हुगली नदी के तट पर कुछ समय बिताया. यह मां गंगा के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अवसर था.’

नाविकों से पीएम मोदी ने की मुलाकात
इस दौरान उन्होंने हुगली के किनारे नाविकों और सुबह टहलने वाले लोगों से भी मुलाकात की. उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘मुझे नाव चलाने वालों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी कड़ी मेहनत की प्रवृत्ति सराहनीय है. और सुबह सैर करने वालों से भी मुलाकात हुई. हुगली नदी के तट पर, मैंने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली लोगों की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया.’

इसे भी पढ़ें:-44 डिग्री टॉर्चर के लिए हो जाएं तैयार, दिल्ली-यूपी समेत 7 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट