Delhi: दिल्ली सचिवालय में सोमवार को उस समय अलग ही माहौल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने मंत्रिमंडल के साथ तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिले बहुमत का जश्न मनाया. इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने रसगुल्ले और झालमुड़ी का लुत्फ उठाया. मतगणना के रुझानों में 194 विधानसभा सीट पर बढ़त बना ली जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 92 सीट पर आगे है.
सुशासन मॉडल की जीत
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन मॉडल की जीत हुई है. देश की जनता ने विकास, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व पर भरोसा जताया है.
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में पार्टी के प्रदर्शन को ‘स्पेशल’ बताया. उन्होंने कहा कि जिस राज्य में लंबे समय से अलग राजनीतिक परिस्थितियां रही हैं, वहां भाजपा की मजबूती इस बात का संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है.
कुछ हिस्सों में टीएमसी को बढ़त
प्रारंभिक आंकड़े ऐसे संभावित परिणाम का संकेत देते हैं जिससे कड़े मुकाबले वाले चुनावों के बाद राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में बदलाव आ सकता है. ये आंकड़े भौगोलिक रूप से बंटे जनादेश की तस्वीर भी दिखा रहे हैं. बीजेपी सीमावर्ती, आदिवासी और औद्योगिक क्षेत्रों में आगे बढ़ती दिख रही है जबकि तृणमूल कोलकाता के कुछ हिस्सों और चुनिंदा ग्रामीण गढ़ों में अपनी पकड़ बनाए हुए है.
राज्य की 293 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गिनती से शुरू हुई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए डाले गए मतों की गिनती की गई.