Terror Network: महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने राज्यभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शाहजाद भट्टी और डोगर गैंग से जुड़े कथित फ्रीलांस मॉड्यूल पर शिकंजा कसा. एटीएस की टीमों ने एक साथ 40 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की. महाराष्ट्र के कई शहरों में एक साथ चलाए गए ऑपरेशन के तहत संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ डिजिटल एक्टिविटी की भी तफ्तीश की जा रही है.
अधिकारियों के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 8 बजे से मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक, जलगांव, अकोला, नांदेड़, मीरा रोड और नालासोपारा समेत कई इलाकों में ATS की अलग-अलग टीमें एक्टिव रहीं. इस दौरान कई स्थानों पर छापेमारी की गई और बड़ी संख्या में लोगों से पूछताछ की गई. सूत्रों के अनुसार अब तक करीब 57 लोगों को जांच के दायरे में लिया गया है.
यह नेटवर्क युवाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर रहा था. इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप, ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर युवाओं तक पहुंच बनाई जा रही थी. इस तरीके से युवाओं को धीरे-धीरे कट्टरपंथ और अपराध की तरफ धकेला जा रहा था. एजेंसियों को शक है कि कई युवाओं को आगे चलकर ऑपरेटिव के तौर पर इस्तेमाल करने की तैयारी थी.
जांच के दौरान कई संदिग्धों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से संदिग्ध ऑनलाइन चैट, विदेशी नंबरों से संपर्क और फंडिंग पैटर्न की भी जांच की जा रही है. ATS यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क का इस्तेमाल सिर्फ अपराध गतिविधियों के लिए हो रहा था या इसके तार आतंकी संगठनों से भी जुड़े हुए हैं.
इसे भी पढ़ें:-PM मोदी 5 देशों की यात्रा पर होंगे रवाना, UAE से यूरोप तक ऊर्जा, रक्षा और टेक्नोलॉजी पर रहेगा फोकस