UP News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और गैस सिलिंडरों से लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. जिसमें स्कॉर्पियो सवार चालक सहित चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 20 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल है. मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग आजमगढ़ जिले के रामगढ़ इलाके के रहने वाले थे और एक ही परिवार के सदस्य थे.
स्कॉर्पियो के उड़ गए परखच्चे
बताया जा रहा है कि परिवार स्कॉर्पियो से महोबा के कबरई की ओर जा रहा था. जैसे ही उनकी गाड़ी कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर पहुँची, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे गैस सिलिंडरों से लदे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक के नीचे समा गया.
डीएम अमित आसेरी ने दिए निर्देश
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी अमित आसेरी ने घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक स्कार्पियो और ट्रक की भिड़ंत हुई है. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है.
एक युवती गंभीर रूप से घायल
प्रशासन द्वारा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना में एक युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है. प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में है और नियमानुसार हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी.
इसे भी पढ़ें :-महाराष्ट्र ATS का बड़ा ऑपरेशन, पाकिस्तानी आतंकी-गैंगस्टर से जुड़े नेटवर्क पर प्रहार