पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 मजदूरों की दर्दनाक मौत, घायलों से मिले CM मोहन यादव, कारखाना संचालक गिरफ्तार

MP News: मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहां गुरुवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हो गया. हादसे में अब तक पांच मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे. कई घंटों तक पटाखों के फूटने की आवाजें आती रहीं.

घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है. इसके अलावा मोहन यादव ने देवास के अस्पताल में जाकर घायलों का हाल भी जाना. इसके अलावा मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निःशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिये हैं.

20 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के समय फैक्ट्री के भीतर 20 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे. ब्लास्ट के बाद कई मजदूर आग की लपटों से घिरे बाहर भागते दिखाई दिए. फैक्ट्री परिसर के बाहर जले हुए अवशेष, बाल और विस्फोटक सामग्री बिखरी पड़ी मिली. इस हादसे में तीन मजदूरों धीरज, सन्नी और सुमित की मौत फैक्ट्री में ही हो गई थी. बाद में अमलतास अस्पताल में भर्ती दो अन्य मजदूर अमर और गुड्डू ने भी दम तोड़ दिया. दोनों करीब 99 प्रतिशत तक झुलस गए थे. मृतकों में चार मजदूर बिहार और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है.

फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार

अधिकारियों ने बताया कि टोंक कलां क्षेत्र में संचालित पटाखा कारखाने के लाइसेंसी मालिक अनिल मालवीय को एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक मालवीय के नाम जारी पटाखा लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है.

घायलों से मिले सीएम मोहन यादव

वहीं सीएम मोहन यादव अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल-चाल भी जाना. उन्होंने कहा, ”हमने पटाखा कारखाने के मालिक पर एनएसए के तहत कार्रवाई की है. हम घटना की विस्तृत जांच करा रहे हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कदम उठाए. पटाखा फैक्ट्री के दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी. प्रभावित नागरिकों की हर संभव सहायता के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.”

इसे भी पढ़ें:-यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 84 PCS अधिकारियों का हुआ तबादला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *