Dehradun: देहरादून के पैनेसिया हॉस्पिटल में उस वक्त अफरातफरी का माहौल मच गया जब अस्पताल मे अचानक आग लग गई. हादसे में आईसीयू में भर्ती एक 55 वर्षीय महिला मरीज की मौत हो गई है.बचाव करने गये तीन पुलिसकर्मी भी आग की चपेट मे आ गये, जिससे वे गम्भीर रूप से झुलस. वहीं कुल 11 लोग घायल हुए हैं. घायलों में एक नवजात भी शामिल है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हॉस्पिटल में अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद मरीजों और कर्मचारियों में भगदड़ जैसा माहौल बन गया. वहां मौजूद अस्पताल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तुरंत मरीजों को वार्डों से बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया
शुरुआती जांच मे आग लगने का कारण एसी ब्लास्ट को माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक आग के बाद कुछ ही देर में पूरे परिसर में धुआं भर गया था. इससे अस्पताल में भर्ती मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और आनन-फानन में रेस्क्यू शुरू किया गया.
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. फायर विभाग ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.