uttar pradesh: उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती के बीच बिजली विभाग ने लोगों से खास अपील की है। बेवजह लाइट बंद रखने, AC 24 डिग्री पर चलाने और भारी उपकरण कम इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। CM योगी ने भी बिजली बचाने को लेकर सख्त संदेश जारी किया है। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। जगह-जगह पर बिजली आपूर्ति को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं और कई स्थानों पर लोगों ने बिजली सब स्टेशनों का घेराव भी किया। बढ़ती शिकायतों और जनआक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसी बीच अब विद्युत विभाग ने भी लोगों से बिजली बचाने की अपील की है।
लोगों से क्या अपील की गई?
दरअसल, बिजली विभाग ने एक ऑडियो जारी कर बताया कि बिजली तार से नहीं तहज़ीब से भी आती है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वो बेवजह बिजली न जलाएं, एसी 24 डिग्री पर चलाएं, एसी और पानी की मोटर कम चलाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लोगो से अपील की है कि जितनी जरूरत हो उतनी ही बिजली उपयोग करें, घर मे कोई न हो तो पंखा ,एसी न चलाएं,घर मे डेकोरेशन लाइट इस्तेमाल कम करें।
बिजली सप्लाई सुधारने के लिए सरकार ने दिये निर्देश
बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को कई सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने शहरों में 24 घंटे और गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है। इसके साथ ही बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने और फीडर वाइज मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि बिजली से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार और बिजली विभाग अब जनता के सहयोग से गर्मियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने की कोशिश में जुटे हैं।