Weather news: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. यूपी के नोएडा-गाजियाबाद इलाके में गुरुवार को आई भीषण आंधी और बारिश के बाद मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के करीब 30 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है. वहीं दूसरी ओर, बिहार के चंपारण और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पटना समेत 26 जिलों में लोग अभी भी भीषण उमस और लू की मार झेल रहे हैं.
बता दें कि देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो चुका है और 4 जून को (चार दिन की देरी से) केरल पहुंच गया है. बिहार में आमतौर पर मानसून 15 जून तक आता है, लेकिन इस बार इसमें 3 से 4 दिनों की देरी होने की संभावना है. वहीं यूपी में मानसून के 18 जून तक आने की संभावना है.
यूपी में 6 से 8 जून के बीच ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों में शुक्रवार से अगले तीन दिन तक छिटपुट बरसात और आंधी का अनुमान जताया है. प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली और भदोही में तीव्र आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. इसके साथ ही कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इन जिलों में IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, औरैया और कानपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 5 और 6 जून के बीच बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. बिहार के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें पटना, गया, बक्सर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सिवान, सारण, भोजपुर, वैशाली, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और अररिया शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
झारखंड में आंधी-पानी की संभावना
झारखंड के कई जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा हुआ रह सकता है. मौसम विभाग ने 5 से 6 जून के बीच झारखंड में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. जिन जगहों पर बारिश होने की संभावना है, उनमें रांची, धनबाद, टाटा नगर, बोकारो, गिरिडीह, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इस दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें:-Petrol Diesel Price: पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उतार चढ़ाव जारी, जानें आज का लेटेस्ट रेट्स