Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर के नागोरियां थाना इलाके से एक बेहद दर्दनाक और भयानक हादसे की खबर सामने आई है. यहां मंगलवार दोपहर एक घर में संचालित पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नागोरियान क्षेत्र के लिक कॉलोनी में स्थित एक रिहाइशी मकान के भीतर अवैध रूप से पटाखा निर्माण का काम चल रहा था. अचानक आग लगने के बाद तेज धमाके हुए, जिससे बाद मकान के अंदर बारूद होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया और काफी देर तक सिलसिलेवार धमाके होते रहे. आसपास के क्षेत्र में काफी दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला. इस हादसे में झुलसे सभी घायलों को तुरंत जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के मुताबिक, तीन घायलों की स्थिति बेहद नाजुक है क्योंकि वे 50 फीसदी से ज्यादा झुलस चुके हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के सही कारणों की बारीकी से जांच कर रहा है.
इसे भी पढ़ें:-क्या Airplane Mode सच में रोक देता है Smartphone Radiation? सच्चाई जानकर चौंक जाएंगे