लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर टक्कर के बाद ट्रक-ट्रेलर में लगी आग, जिंदा जले दो लोग, पहचान में जुटी पुलिस

UP News: बाराबंकी में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर मंगलवार तड़के दो ट्रकों में भिंड़त हो गई. चौबीसी के पास हाईवे पर खड़े भूसी लदे ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में आग लग गई. हादसे में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.

पुलिस के अनुसार भूसी लादकर जा रहे ट्रक में पीछे से एक ट्रेलर टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई. ट्रेलर में चालक समेत चार लोग सवार थे. आग की चपेट में आने से खाली ट्रेलर के चालक और उसपर सवार एक अन्य जिंदा जल गए. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

प्रभारी निरीक्षक हैदरगढ़ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि आग में झुलसकर मृत दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है. उनके शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हादसे में घायल दो लोगों का उपचार चल रहा है. दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें:-राष्ट्रपति मुर्मू ने बहादुर जवानों को कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र से किया सम्मानित; यहां देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *