Bihar: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव आज अपना 79वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर पटना स्थित राबड़ी आवास में देर रात ही उत्सव का माहौल शुरू हो गया. लालू यादव ने अपने पूरे परिवार की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन मनाया. इस पारिवारिक समारोह में लालू यादव की पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़ी बेटीमीसा भारती और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव भी मौजूद रहीं. सभी ने मिलकर लालू यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.
जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ, पापा!
तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया जिसमें कहा कि आज आपके जन्मदिन के इस विशेष अवसर पर मैं दिल से कहना चाहता हूं कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला. आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया. आपने मुझे संघर्ष करना, लोगों का सम्मान करना, कठिन परिस्थितियों में मजबूत बने रहना और हमेशा आगे बढ़ते रहना सिखाया. आज मैं जो कुछ भी हूँ, मेरी हर सफलता, मेरी हर पहचान और मेरे जीवन की हर उपलब्धि आपके आशीर्वाद, मार्गदर्शन और संस्कारों का परिणाम है. मैं अपनी हर उपलब्धि आपको समर्पित करता हूं.
“एक महान इंसान हैं आप”
पापा, आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं. आपके जैसा व्यक्तित्व, आपकी जैसी दूरदृष्टि, आपकी जैसी निस्वार्थ भावना और आपकी जैसी दृढ़ता शायद ही किसी में देखने को मिले. आपने पूरे परिवार को हमेशा एकजुट रखा, हमें हर सुख-दुख में संभाला और बिना किसी स्वार्थ के अपना सब कुछ हमारे लिए समर्पित कर दिया. सिर्फ अपने परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि समाज, राज्य और देश के लोगों के लिए भी आपने अपना पूरा जीवन सेवा में लगा दिया. आपकी समाज सेवा, आपका त्याग और लोगों प्रति आपका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा है.
इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी के नीति आयोग की बैठक शुरु, समावेशी मानव विकास पर हो रही चर्चा