weather News: देश में मानसून के आगे बढ़ने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच बिहार में पहुंच गई। हालांकि, मुंबई में मानसून थोड़ा पीछे चल रहा है।
अगले 3 दिन में मानसून के झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में एंट्री करने की संभावना है। वही केरलम में एंट्री के बाद से मानसून 8 दिन में 17 राज्यों तक पहुंच चुका है।
इधर दिल्ली-NCR और हरियाणा में गुरुवार रात कई इलाकों में 70 से 80kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। इससे तेज गर्मी से राहत मिली।
कैसा रहेगा दिल्ली NCR का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी जा सकती है। इसके अलावा राजधानी के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
उत्तर प्रदेश: प्री-मानसून एक्टिव
मौसम विभाग के मुताबिक यूपी में प्री-मानसून एक्टिव हो गया है। आज 17 जिलों में ओले गिरने और 65 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट है। हालांकि, अभी गर्मी से राहत नहीं मिली है। मई की तरह ही बांदा एक बार फिर से सबसे गर्म रहा। गुरुवार को यहां 45.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बिहार: मानसून की एंट्री, 24 घंटे में 10°C तक गिरा पारा,
बिहार के किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और मधुबनी में मानसून पहुंच चुका है। 72 घंटों में यह पूरे बिहार को कवर कर लेगा। गुरुवार को बिजली गिरने से बिहार के 5 जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना, गया समेत 18 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
झारखंड: 18 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में गुरुवार को पहले तेज धूप रही, उसके बाद बारिश से कई जिलों का मौसम बदल गया। मौसम विभाग ने 13 जून तक 18 जिलों के लिए आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इन जिलों में 60kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है। वहीं, अगले 3 दिन में मानसून भी एंट्री का सकता है।
पहाड़ों पर खतरे की घंटी
- उत्तराखंडके देहरादून, नैनीताल और चमोली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने यात्रियों और तीर्थयात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
- हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. मनाली समेत ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी लेकिन तेज बारिश मुसीबत बढ़ा सकती है.
- जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. श्रीनगर, पुलवामा, राजौरी और किश्तवाड़ में मौसम बिगड़ सकता है. खराब मौसम के कारण सड़क और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है.