Central Government Health Scheme: केंद्र सरकार की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (CGHS) ने बड़ा कदम उठाया है. योजना के तहत दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में कुल 207 अस्पतालों को नए सिरे से एम्पैनल किया गया है. इनमें 190 मल्टी-स्पेशियलिटी और 17 सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल हैं.
हॉस्पिटल्स की संख्या बढ़ने से बेहतर होगी स्वास्थ्य सुविधा
इस पहल का उद्देश्य केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिवारों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. इससे लाभार्थियों को इलाज के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी.
सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल्स के पैनल में जुड़ने से बड़ा फायदा
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली और एनसीआर के इलाके में बड़ी संख्या में केंद्र सरकार के कर्मचारी और रिटायर अफसर रहते हैं. ऐसे में हॉस्पिटल्स की संख्या बढ़ने से मरीजों को वक्त पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी. खासतौर से सुपर-स्पेशलिटी हॉस्पिटल्स के पैनल में जुड़ने से जटिल बीमारियों का इलाज भी हो सकेगा.
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की बात
गौरतलब है कि मोदी सरकार की यह पहल ऐसे वक्त में हुई है जब स्वास्थ्य सेवाओं की क्वालिटी और पहुंच को लेकर लगातार सुधार करने की बात हो रही है. नए हॉस्पिटल्स के पैनल में शामिल होने से CGHS के लाभार्थियों को ज्यादा व्यापक और सुविधाजनक हेल्थ सर्विस मिलने की उम्मीद की जा रही है, जिससे लाखों परिवारों को सीधे तौर पर फायदा होगा.
नोएडा समेत 207 हॉस्पिटल शामिल
अब पैनल में यशोदा मेडिसिटी, इंदिरापुरम, गाजियाबाद, मेदांता द मेडिसिटी, सेक्टर – 38, गुड़गांव, अमृता हॉस्पिटल, माता अमृतानंदमयी मार्ग, सेक्टर 88, फरीदाबाद, बत्रा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर, 1, तुगलकाबाद इंस्टीट्यूशनल एरिया, महरौली, फोर्टिस हॉस्पिटल्स लिमिटेड, B-22, सेक्टर-62, नोएडा और मेदांता हॉस्पिटल, सेक्टर 50, नोएडा समेत 207 हॉस्पिटल शामिल हो गए हैं.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने की कीमतों में हुई बढ़ोतरी, चांदी के दाम स्थिर, जानें आज का लेटेस्ट रेट