Maharashtra: सोलापुर जिले में एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां पंढरपुर इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया है। बता दे कि श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वैन सड़क किनारे बने कुएं में गिर गई। हादसे के समय पिकअप में कुल 15 लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि सात लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार यह सभी लोग पंढरपुर के रांजनी गांव के निवासी थे, जो तीर्थयात्रा पर जा रहे थे।
सड़क किनारे बने कुएं में गिरी पिकअप वैन
हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि घटना रविवार की देर शाम को हुई है। यहां सोलापुर जिले की मालशिरस तहसील में लोगों को ले जा रही एक पिकअप गाड़ी सड़क के किनारे बने कुएं में गिर गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा 7 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
पीएम मोदी ने भी इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि महाराष्ट्र के सोलापुर ग्रामीण इलाके में हुए इस दुखद हादसे से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं इस दुख की घड़ी में मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों को जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से, प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹2 लाख की राहत राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को ₹50,000 दिए जाएंगे।
CM फडणवीस ने जताया दुख
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर कहा कि सोलापुर जिले के मालशिरस तालुका के टंडलवाड़ी में हुई घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है, जहां एक निजी खेत में बने कुएं में गाड़ी गिरने से कुछ श्रद्धालुओं की मौत हो गई। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं। अच्छी बात यह है कि 7 लोगों की जान बचा ली गई है। उनका इलाज चल रहा है। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और हम स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं। राज्य सरकार इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी।