डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पीएम मोदी-अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि, लिखा- राष्ट्रहित के प्रति उनकी….

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनके बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि दी। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर, मैं एक देशभक्त, विद्वान और राजनेता को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने अपना जीवन भारत के विकास के लिए समर्पित कर दिया। सार्वजनिक जीवन में उनका अटूट विश्वास, साहस और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।’’

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, डॉ. मुखर्जी का बलिदान हमारी सामूहिक स्मृति में सदैव अंकित रहेगा। ‘हम उन मूल्यों से प्रेरित होकर एक मजबूत और विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं, जिन्हें उन्होंने संजोया था और अपनी आखिरी सांस तक जिनकी सेवा की थी। मुखर्जी ने अनुच्छेद 370 को खत्म करने और जम्मू-कश्मीर के भारत के साथ पूर्ण एकीकरण के लिए संघर्ष किया था।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, “देश की एकता और अखंडता के प्रखर उपासक, जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के अग्रदूत डॉ. मुखर्जी ने जहां कश्मीर में ‘दो विधान, दो प्रधान और दो निशान’ का मुखर विरोध किया, वहीं बंगाल भारत का ही हिस्सा रहे, इसके लिए भी संघर्ष किया। आज उनकी जन्मभूमि राष्ट्रप्रथम का संकल्प लेकर देश की सुरक्षा और अपनी विरासत की रक्षा की दिशा में आगे बढ़ रही है। कश्मीर से लेकर बंगाल तक, राष्ट्रनिर्माण के एकसूत्र में बंधकर यह देश उनके पदचिह्नों पर आगे बढ़ता रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *