यूपी-बिहार में खूब होगी झमाझम बारिश, 19 राज्यों में IMD का अलर्ट

Weather Update: देशभर में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मानसून दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु और असम के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है. आईएमडी ने आज दिल्ली सहित कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह तेलंगाना और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम हैं, जो अभी भी काफी सक्रिय हैं।

दिल्ली-NCR में गर्मी से जल्द मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी से बहुत जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने मंगलवार (30 जून) और बुधवार (1 जुलाई) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है। 1 जुलाई के बाद से बारिश की रफ्तार और तेज हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में 60 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी

यूपी के कई जिलों में 29 जून को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आस पास के क्षेत्रों में मेघगर्जन व वज्रपात की चेतावनी जारी की है, 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।

बिहार में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट

बिहार के पटना, पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के तेज झोंके चल सकते हैं, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।

राजस्थान में इस हफ्ते बढ़ेगी बारिश

राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर और कोटा-उदयपुर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस हफ्ते राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। राजधानी जयपुर में 2 जुलाई से भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जो अगले 4-5 दिनों तक रुक-रुक कर जारी रहेगी।

पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे पहाड़ी जिलों में 200 मिलीमीटर तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे पहाड़ों का मैदानी इलाकों से संपर्क टूट गया है और जनजीवन अस्त-व्यस्त है।

दक्षिण भारत में मूसलाधार आफत

  • केरल के कासरगोड, कन्नूर और वायनाड सहित 4 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि बाकी 10 जिलों में येलो अलर्ट है। यहां कुछ जगहों पर 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।
  • तमिलनाडु के चेन्नई, नीलगिरि और कोयंबटूर के पहाड़ी इलाकों सहित कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। चेन्नई में अधिकतम तापमान 37°C के आस-पास रहने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़ें:-नोएडा में AC फटने से सोसायटी में लगी भीषण आग, मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *