सीएम योगी का रामपुर दौरा, 690 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मुरादाबाद से रामपुर पहुंचे। जहां उन्होंने शाहबाद में आयोजित जनसभा में करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। यह परियोजनाएं मुख्य रूप से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित हैं। सीएम योगी के आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए रामपुर की सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब भी वह रामपुर आते हैं तो यहां का मौसम शिमला जैसा सुहाना हो जाता है। उन्होंने बताया कि रामपुर की धरती भगवान महाकालेश्वर महादेव, ओम नागेश्वर महादेव, कोसी मंदिर और मां बाला सुंदरी जैसे आस्था केंद्रों से समृद्ध है।

सीएम ने कहा कि रामपुर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और विरासत के साथ पैचवर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उत्पादन के लिए भी देशभर में पहचान रखता है। यहां के किसान और उद्यमी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए नए-नए नवाचार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब वह रामपुर आते हैं तो विकास की योजनाएं भी साथ लेकर आते हैं। इसी क्रम में आज करीब 690 करोड़ रुपये की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं से मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामपुर अब विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश के साथ नया रामपुर भी अपनी समृद्ध विरासत और विकास की नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का लाभ अब रामपुर के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है और जनपद में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *