Kanpur: कानपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार देर रात गुजैनी और ग्वालटोली में हुई पुलिस मुठभेड़ों के दौरान चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया. जवाबी फायरिंग में तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
गुजैनी में लूटकांड का खुलासा, दो बदमाश दबोचे
पहली मुठभेड़ गुजैनी थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड पर हुई. पुलिस के मुताबिक, 21 जून को एक महिला से मंगलसूत्र, सोने की चेन और अन्य जेवर लूटने वाले गिरोह की तलाश की जा रही थी. सूचना मिलने पर इलाके की घेराबंदी की गई. इसी दौरान बाइक से भाग रहे दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अकरम और जावेद अख्तर के पैर में गोली लगी और दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई.
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अंतरजनपदीय लुटेरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं. इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. इनका आपराधिक रिकॉर्ड कानपुर, हमीरपुर, जालौन और कासगंज जिलों में भी मिला है.
ग्वालटोली में गोलीकांड के आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
दूसरी कार्रवाई ग्वालटोली थाना क्षेत्र स्थित टेप्को मिल परिसर में हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि हाल ही में हुए गोलीकांड के आरोपी वहां मौजूद हैं. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में हरि सिंह उर्फ शुभम के पैर में गोली लगी, जबकि अनुराग खुराना उर्फ शैबी को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि तीसरा आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, तीनों पर अरविंद पासवान पर जानलेवा हमला करने का आरोप है. मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं.
इसे भी पढे़ं:-सीएम योगी का रामपुर दौरा, 690 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण