जंगल में छिपे लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों की तलाश जारी, सीआरपीएफ ने संभाला मोर्चा

Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के मीमंदर इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों का बड़ा अभियान जारी है। भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों के भागने के सभी रास्ते बंद कर दिए गए।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों आतंकी शुक्रवार को मीमंदर इलाके के एक घने बाग में लगे कैमरों में दिखाई दिए थे। इसके बाद सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। रविवार शाम तक आसपास के चार गांवों में तलाशी पूरी कर ली गई थी।

बता दे कि सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों आतंकियों की पहचान कुलगाम जिले के रहने वाले लतीफ और जाकिर के रूप में की है। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों के करीब पहुंचने पर आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आतंकी जंगल में छिप गए।

आतंकियों के भागने की आशंका को देखते हुए सेना की विक्टर फोर्स की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं। पूरे इलाके में संभावित निकास मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और रात के समय भी सर्च ऑपरेशन जारी रखने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, गर्मियों में बागों की घनी हरियाली से आतंकियों को छिपने में मदद मिलती है, जिससे निगरानी और तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण हो जाता है। जानकारी के अनुसार जाकिर वर्ष 2024 से लश्कर-ए-ताइबा से जुड़ा हुआ है, जबकि लतीफ पिछले वर्ष इस आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *