मानसून ने पकड़ी रफ्तार, देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Weather update: देशभर में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. इसके सक्रिय होने के साथ ही भीषण गर्मी से राहत मिल गई है, लेकिन अब लगातार बारिश कई राज्यों के लिए परेशानी भी बढ़ा रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार इसके प्रभाव से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है.

इन राज्यों में होगी अच्छी बारिश

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान के कुछ हिस्सों, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी तट के राज्यों में भी मानसून सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.

दिल्ली-NCR में सुबह से बदला मौसम

दिल्ली में हवाओं के साथ कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और बारिश देखने को मिली, जिससे पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रही उमस और गर्मी से राहत मिली. सुबह के समय मौसम सुहावना होने से दफ्तर और कॉलेज जाने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिली. बादलों की आवाजाही के कारण दिन के तापमान पर भी असर पड़ सकता है और कुछ इलाकों में आगे भी बारिश देखने को मिल सकती है.

उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी मानसून की सक्रियता बनी हुई है. कई इलाकों में सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. लगातार बारिश के कारण शहरों में जलभराव और निचले इलाकों में परेशानी बढ़ सकती है. अगले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला बने रहने की संभावना है. ऐसे में स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी होगा.

अन्य राज्यों में मौसम का हाल

बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, गया और पूर्णिया सहित कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ भारी जलभराव और तूफान की चेतावनी है. वहीं झारखंड के रांची और जमशेदपुर जैसे शहरों में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होगी.

पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

इस दौरान देश के अन्य हिस्सों जैसे पश्चिम बंगाल, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल में भी भारी मानसूनी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी.असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है.

इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोना हुआ और सस्ता, चांदी के दाम स्थिर, जानें आज का लेटेस्ट रेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *