Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर पहुंचे। उन्होंने अपने कार्यक्रम में जिले को 1260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्य रूप से नगर विकास एवं आवास विभाग, बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित 982 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं से उत्तर बिहार के प्रमुख शहर की सूरत बदलने और शहरी सुविधाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार होने की उम्मीद है।
बुडको के प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी
सीएम सम्राट चौधरी ने जिन 982 योजनाओं की शुरुआत की, उनकी कुल लागत 1047.09 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं के माध्यम से मुजफ्फरपुर शहर में चमचमाती सड़कों, आधुनिक जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम), आकर्षक पार्क, घाट, बेहतर प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट्स) और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
सिकंदरपुर लेक फ्रंट का किया लोकार्पण
बता दे कि इस पूरे दौरे का मुख्य आकर्षण 213.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना है. इसे सीएम ने मुजफ्फरपुर की जनता को समर्पित किया। हलांकि बेहद आकर्षक फव्वारों, लाइटिंग और कलाकृतियों से सजे इस लेक फ्रंट के शुरू होने से शहर को एक आधुनिक, स्वच्छ और नई पहचान मिली है।
एमआइटी में सजे स्टाल और सीएम का कार्यक्रम
सीमए सम्राट चौधरी का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11:30 बजे पुलिस केंद्र स्थित अस्थायी हेलीपैड पर लैंड हुआ। वहां से वे सीधे सिकंदरपुर लेक फ्रंट का जायजा लेने पहुंचे। इसके बाद वे एमआइटी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां सीएम ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का गहन निरीक्षण किया। एमआइटी मंच से ही उन्होंने रिमोट दबाकर सभी योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन किया और एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।