ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बने एंडी बर्नहम, पीएम मोदी ने दी बधाई, भारत-ब्रिटेन के संबंधों पर हुई चर्चा

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम को पदभार संभालने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन साझा लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े हुए हैं और दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में मजबूत सहयोग है।

पीएम मोदी ने क्या कहा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा कि भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को लेकर व्यापक सहयोग है। उन्होंने कहा कि इसी महीने सीईटीए के लागू होने के साथ भारत और ब्रिटेन की द्विपक्षीय साझेदारी और भी मजबूत होने की उम्मीद है।

पीएम मोदी ने कहा कि वह एंडी बर्नहम के साथ मिलकर भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने तथा साझा विजन 2035 को आगे बढ़ाने के लिए काम करने को लेकर उत्साहित हैं।

अपने पहले संबोधन में बर्नहम ने क्या कहा?

एंडी बर्नहम ने ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में देश के राजनीतिक स्थिरता को बहाल करने और शासन व्यवस्था में व्यापक बदलाव लाने का संकल्प लिया। 

एंडी बर्नहम कहा कि पिछले एक दशक में बार-बार प्रधानमंत्री बदलने से लोगों का राजनीति पर भरोसा कमजोर हुआ है और अब नेताओं को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। 1980 के दशक का उल्लेख करते हुए बर्नहम ने कहा, उस दौर में लिए गए कुछ फैसलों के कारण राजनीतिक शक्ति का अत्यधिक केंद्रीकरण हुआ, आर्थिक नियंत्रण का निजीकरण हुआ और देश के कई औद्योगिक क्षेत्रों का पतन हो गया। इसके चलते अनेक इलाके आज भी पिछड़ेपन से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सत्ता का विकेंद्रीकरण करेगी और निर्णय लेने की ताकत देश के हर क्षेत्र तक पहुंचाएगी। साथ ही, आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं को अधिक मजबूत सार्वजनिक नियंत्रण में लाकर उन्हें आम लोगों के लिए फिर से किफायती बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *