UP News: उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में मंगलवार को कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में 16 अहम प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने अपनी सहमति दे दी.
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना: बैठक में छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को भी मंजूरी दी गई. योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है और वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 50 हजार छात्राओं को स्कूटी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. साथ ही पेट्रोल और हेलमेट भी सरकार देगी.
- दो नए एक्सप्रेसवे का निर्माण: प्रयागराज से सोनभद्र तक लगभग 330 किलोमीटर लंबा ‘विंध्य एक्सप्रेसवे’ और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला ‘विंध्य-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे’ (करीब 117 किमी) बनाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई.
- विधानमंडल का मानसून सत्र: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 3 अगस्त से 6 अगस्त तक आयोजित करने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई.
कैबिनेट ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण और अन्य परियोजनाओं को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर कराने के लिए विकासकर्ता चयन संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी. इसके अलावा महिला कल्याण, सचिवालय प्रशासन, गृह, उच्च शिक्षा, राज्यकर, परिवहन, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन तथा सहकारिता विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया.
इसे भी पढ़ें:-देश के कई राज्यों में मौसम हुआ सुहाना, यूपी-बिहार में भारी बारिश का अलर्ट जारी