साफ-सफाई से लेकर ड्रोन निगरानी तक… हों पुख्ता इंतजाम, कांवड़ यात्रा पर CM योगी का बड़ा आदेश

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने श्रावण मास के दौरान आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, स्वतंत्रता दिवस, बरावफात और रक्षाबंधन को लेकर कानून व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता, यातायात, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पुलिस पेट्रोलिंग बढा दी जाए. संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन से सतत निगरानी की जाए. उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए. सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी सूचनाओं का तत्काल खंडन किया जाए तथा अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप पूरी तरह तैयार होने चाहिए. जहां कहीं सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत तत्काल पूरी कराई जाए. मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें. डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप हो. स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी के साथ रहे.

खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग की शिकायत किसी भी दशा में नहीं मिलनी चाहिए. अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और दोषियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करें.  कावड़ मार्ग में पड़ने वाली शराब और मांस की दुकानें बंद रखी जाएं.

इसे भी पढें:-देवशयनी एकादशी आज, गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी सहित कई नेताओं ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *