देवशयनी एकादशी आज, गृहमंत्री अमित शाह, सीएम योगी सहित कई नेताओं ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना की

Devshayani Ekadashi 2026: पूरे साल में कुल 24 एकादशी की तिथियां होती हैं. सभी एकादशी का अपने आप में खास महत्व होता है. आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी को बेहद खास माना जाता है. इस दिन देवशयनी एकादशी मनाई जाती है. साथ ही इसी दिन से चातुर्मास की शुरुआत भी हो जाती है, जिसमें किसी भी मांगलिक कार्य की मनाही होती है. आज यानी 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी मनाई जा रही है. इस दिन भगवान विष्णु की पूजा करने का विधान है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार श्री हरि की पूजा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है.

देवशयनी एकादशी के अवसर पर केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई नेताओं ने लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है.

ओम बिरला ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने देवशयनी आषाढ़ी एकादशी पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आस्था, तप, संयम और भक्ति का यह दिव्य अवसर हमें आत्मचिंतन, सेवा और सत्कर्म के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है. भगवान श्रीहरि विष्णु की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्य, शांति और नई ऊर्जा का संचार हो तथा चातुर्मास का यह काल सभी के लिए मंगलमय सिद्ध हो.”

गृहमंत्री ने सभी को दी आषाढ़ी एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, “सभी को आषाढ़ी एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान विट्ठल की पूजा को समर्पित पावन पर्व ‘आषाढ़ी एकादशी’ पर सभी वारकरी भक्तों को हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान विट्ठल और माता रखुमाई सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करें.”

सीएम योगी ने लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की

देवशयनी एकादशी के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक श्लोक, “सर्गस्थितिविनाशानां जगतो यो जगन्मयः. मूलभूतो नमस्तस्मै विष्णवे परमात्मने॥” साझा किया. सीएम योगी ने आगे लिखा, “भगवान श्री हरि के ‘योगनिद्रा’ में गमन की पावन तिथि देवशयनी एकादशी पर त्रिलोक स्वामी से प्रार्थना है कि उनकी कृपा सम्पूर्ण सृष्टि पर सर्वदा बनी रहे. सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो.

इसे भी पढ़ें:-आज से 4 माह के लिए योग निद्रा में जाएंगे श्री हरि विष्णु, उनके प्रिय चीजों का भोग जरूर लगाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *