Jharkhand: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को दो बड़ी कामयाबी मिली. मंगलवार देर रात भाकपा माओवादियों के पोलित ब्यूरो सदस्य और 1.20 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार कर लिया. मिसिर बेसरा के साथ उसके दो सहयोगी मेहनत उर्फ मोछू और गौरव भी दबोचे गए. ये गिरफ्तारी धनबाद और गिरिडीह की सीमा पर स्थित मनियाडीह इलाके से हुई.
बेसरा का खास नक्सली गिरफ्तार
सूचना के आधार पर जिस कुख्यात को सारंडा में खोजा जा रहा था, वह अपना घर लौटने की तैयारी में था. लेकिन सटीक लोकेशन, ताजा तस्वीर और फिर एक प्रहार से सुरक्षबलों ने गिरिडीह में प्रवेश करने से पहले ही बेसरा को धर दबोचा. बेसरा के साथ 15 लाख इनामी मोछू उर्फ किस्मत भी पकड़ा गया है, जबकी बेसरा का खास नक्सली गौरव को भी गिरफ्तार किया गया है.
कई राज्यों में नक्सल गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज
मिसिर बेसरा पर झारखंड और ओडिशा सहित कई राज्यों में नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं. लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं. उस पर विभिन्न राज्यों की ओर से कुल मिलाकर एक करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था.
16 माओवादियों ने किया था आत्मसमर्पण
इसी दिन झारखंड पुलिस के समक्ष 16 माओवादियों ने भी आत्मसमर्पण किया. आत्मसमर्पण करने वालों में संतोष महतो उर्फ बसुदेव दा उर्फ दिलीप भी शामिल है, जो 128 मामलों में वांछित था और जिस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था.
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा बल मिसिर बेसरा और उसके चारों साथियों से गहन पूछताछ में जुटे हैं. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस पूछताछ से नक्सली नेटवर्क, उनके सक्रिय सदस्यों, हथियारों की सप्लाई चेन और आने वाले अभियानों के बारे में कई अहम सुराग हाथ लगेंगे.
इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी ने सचिवों के साथ की उच्च-स्तरीय बैठक, विकसित भारत के लक्ष्य पर हुई चर्चा