17 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 70 KM/H की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं

Weather Update 4 August: देशभर में उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए अब मानसून बड़ी आफत लेकर आ रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कई राज्यों में 35 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि राजस्थान के कई जिलों में फिलहाल गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है. बता दें कि गुजरात, असम समेत कई राज्यों में भारी बारिश से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं। 

दिल्ली-NCR में होगी हल्की से मध्यम बारिश

Weather Update Today के मुताबिक दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं. कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने गरज-चमक और लगभग 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

यूपी के लोगों के भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि 6 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश की उम्मीद है. विभाग ने कहा कि 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौजूदा गर्म और उमस भरे मौसम से राहत मिलेगी. 

बिहार में बादलों का तांडव, 50 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

बिहार में आज बारिश के साथ आंधी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है. पटना, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी और कटिहार समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बादलों की तेज गर्जना के साथ कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है.

मध्य प्रदेश में येलो अलर्ट, पंजाब-बंगाल में भारी बारिश

मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, सतना, गुना, छतरपुर और छिंदवाड़ा में आज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पंजाब के पठानकोट, होशियारपुर, भटिंडा और रूपनगर में भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी बारिश का जोर बढ़ सकता है. इन इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है.

राजस्थान में बारिश नहीं, उमस भरी गर्मी करेगी बेहाल

राजस्थान में आज मौसम का अलग मिजाज देखने को मिलेगा. जयपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और जैसलमेर में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. ऐसे में यहां बारिश की राहत के बजाय उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

झारखंड में आंधी-बारिश का डबल अटैक

झारखंड में आज मौसम का बेहद उग्र रूप देखने को मिल सकता है. रांची, पलामू, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग और देवघर में तेज बारिश के साथ तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मूसलाधार बारिश होने पर निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा भी बना हुआ है.

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश, 65 KM/H की रफ्तार से अंधड़

पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में आज मौसम बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकता है. नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, चमोली, पिथौरागढ़ और ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश के साथ तेज अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में हवाओं की रफ्तार करीब 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

हिमाचल में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा

हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुल्लू, कांगड़ा और ऊना में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. वहीं जम्मू-कश्मीर के कठुआ, उधमपुर, जम्मू, राजौरी और अनंतनाग में तेज आंधी-तूफान आने का अनुमान है. यहां हवाओं की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

इसे भी पढे़ं:-आजमगढ़ में बिजली के पोल से टकराई डीजल से भरी टैंकर, तेज धमाके के साथ लगी आग, तीन जिंदा जले

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *