Best Yoga for Winter: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही अक्सर लोग आलस और सुस्ती महसूस करने लगते हैं. सुबह-सुबह ठंड में जिम जाना या पार्क में दौड़ना सबके बस का नहीं. इसी आलस की वजह से सर्दियों में वजन बढ़ना, जोड़ों में दर्द और सुस्ती आम हो जाती है.पर फिट रहने के लिए जिम की जरूरत नहीं. योग एक्सपर्ट्स का कहना है कि घर पर ही 15-20 मिनट के 5 आसान योगासन करके आप पूरी सर्दी फिट और एनर्जेटिक रह सकते हैं.
सर्दियों के लिए 5 बेस्ट योगासन
1. सूर्य नमस्कार
सर्दी में शरीर जाम हो जाता है. सूर्य नमस्कार में 12 स्टेप होते हैं जो पूरे शरीर को खोल देते हैं. इससे बॉडी में गर्मी आती है और सुस्ती भागती है.
कैसे करें: मैट पर सीधे खड़े हों, हाथ जोड़ें. फिर सांस लेते-छोड़ते हुए 12 मुद्राएं करें. शुरू में 3 राउंड ही करें, फिर 10-12 तक ले जाएं. सुबह खाली पेट बेस्ट है.
2. ताड़ासन
इसे माउंटेन पोज भी कहते हैं. लगातार कुर्सी पर बैठने से झुकी हुई कमर सीधी होती है.
कैसे करें: पैर जोड़कर खड़े हों, दोनों हाथ ऊपर ले जाकर उंगलियां फंसाएं. अब एड़ी उठाकर पंजों पर खड़े हों. 10 सेकेंड रुकें. 5 बार करें.
3. भुजंगासन
सर्दी में पीठ और कमर जकड़ जाती है. ये कोबरा पोज उसे स्ट्रेच करता है.
कैसे करें: पेट के बल लेट जाएं, हथेलियां कंधों के पास रखें. सांस लेते हुए छाती को ऊपर उठाएं, जैसे सांप फन उठाता है. 15 सेकेंड रुकें, फिर नीचे आएं. 3 बार करें. जिनकी कमर में तेज दर्द है वो डॉक्टर से पूछकर करें.
4. त्रिकोणासन
त्रिकोणासन शरीर के दोनों तरफ खिंचाव पैदा करता है. यह पैरों, कमर और कूल्हों की मांसपेशियों को स्ट्रेच करने के लिए उपयोगी है.
कैसे करें: दोनों पैरों में 3 फीट का गैप रखें, हाथ साइड में फैलाएं. अब दाएं हाथ से दाएं पैर के टखने को छुएं, बायां हाथ ऊपर. 10 सेकेंड रुकें. फिर दूसरी साइड से करें.
5. वृक्षासन
वृक्षासन को ट्री पोज भी कहते हैं. यह शरीर का संतुलन बेहतर बनाने और एकाग्रता बढ़ाने में मदद कर सकता है.
कैसे करें: सीधे खड़े हों, दाएं पैर को मोड़कर बाएं पैर की जांघ पर रखें. हाथ सिर के ऊपर जोड़ें. 20 सेकेंड बैलेंस बनाएं. फिर पैर बदलें. दीवार के सहारे शुरू कर सकते हैं.
एक्सपर्ट टिप
योग हमेशा खाली पेट और गर्म कपड़ों में नहीं, हल्के कपड़ों में करें. मैट पर करें, फर्श पर नहीं. और योग के बाद 10 मिनट तक पानी न पिएं.रोज सिर्फ 20 मिनट, और पूरी सर्दी आप बीमारियों से दूर, एनर्जी से भरपूर रहेंगे.
इसे भी पढ़ें:-दिल को रखना है जवान तो छोड़ दें ये आदतें, जानें दिल की सेहत सुधारने का आसान उपाय