Maharashtra: महाराष्ट्र के नासिक में शनिवार देर रात और रविवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के ये झटके इतने तेज थे कि कई स्थानों पर मकानों में दरारें पड़ गईं। बता दे कि इस भूकंप के झटके में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
कितनी तीव्रता का भूकंप आया
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया। इसके बाद रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हाटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भनवड इलाके में पांच किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई। नासिक शहर के कुछ हिस्सों के अलावा जिले की सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड, पेठ, दिंडोरी एवं निफाड तहसीलों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।